घाटशिला।
जे. सी. स्कूल ऑडिटोरियम में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय सरकारी कर्मचारी शक्ति समागम समारोह में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार महान्ती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक महान्ती ने कहा कि सरकारी कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ हैं। उनकी निष्ठा, परिश्रम और जनता के प्रति समर्पण से ही योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और कार्य-परिस्थितियों के सुधार के लिए वे हमेशा आवाज़ उठाते रहेंगे और हर संभव सहयोग देंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने भी कर्मचारियों की एकजुटता और प्रतिबद्धता की सराहना की।
आयोजकों ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों को ऊर्जा और प्रेरणा देने का कार्य करते हैं।