बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा के मुख्य बाजार स्थित देव वाटिका में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था आशीर्वाद के तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह में बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के दसवीं बोर्ड परीक्षा में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले 120 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी हैं। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान करेंगे।
समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार को घाटशिला एसडीएम सुनील चंद, डीएसपी अजीत कुजूर, बीडीओ केशव भारती, राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने वन विश्रामागार से देव वाटिका तक पैदल मार्च कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच और पूरे आयोजन स्थल का गहन निरीक्षण किया तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंडी चरण साहू और बाप्तु साव से तैयारियों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को लेकर छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार समारोह पूरी गरिमा और उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।