बहरागोड़ा। संवाददाता
टाटा स्टील फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में शंकर नेत्रालय मोबाइल आई सर्जिकल यूनिट के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ किया गया।
यह शिविर शंकर नेत्रालय, चेन्नई की सहयोगी संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज़ के क्षेत्रों के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. उत्पल मुर्मू, डॉ. संगीता कुमारी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. सुपर्णा नायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि यह पहल उन ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है जो आर्थिक तंगी या दूरी के कारण बेहतर नेत्र उपचार नहीं पा पाते।
पहले दिन 125 लोगों ने कराई जांच
शिविर के पहले ही दिन ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। करीब 125 लाभार्थियों ने अपनी नेत्र जांच कराई।
जानकारी के अनुसार, नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर 9 से 12 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि चयनित लाभार्थियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन 13 से 17 अक्टूबर तक नि:शुल्क किया जाएगा।
दवाएं और चश्मे भी मिलेंगे मुफ्त
ऑपरेशन के बाद सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क दवाएं और चश्मा भी प्रदान किए जाएंगे। इससे मरीजों को इलाज के बाद किसी अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता नहीं होगी।
शिविर में कई संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से मैनेजर सागरिका गुप्ता, शिमा गोप, मृणाल कांति राणा, रामु गोप, संजू नंदी, चित्तरंजन लोहार, मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे।
वहीं शंकर नेत्रालय की ओर से डॉ. सुजय सरकार, डॉ. नेहा प्रिया, डॉ. सरंग निखिल, कोऑर्डिनेटर उज्वल कुमार शर्मा, चित्तरंजन बेहरा, जन्मेजय दास, राजू रजक, तपन कुमार दास, निशांत कुमार, अभिषेक बारला, राधेश्याम कान्हू, सुमन बैरगी, कुणाल प्रसाद, जमुना हलदर, मुक्ता सुंडी, चित्तरंजन जाना, लक्ष्मीकांत ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।