रांची, 17 अक्टूबर 2025 (अबुआ खबर डेस्क):
झारखंड में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में लातेहार जिले के पुटूवागढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित राज्य के पहले टाइगर सफारी प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन देखा।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह टाइगर सफारी झारखंड का पहला होगा, जिसे पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) के बाहर विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए विभाग ने भूमि का चयन कर लिया है। प्रस्तावित स्थल बेतला नेशनल पार्क के निकट स्थित है, जिससे यह प्रोजेक्ट पलामू क्षेत्र के इको-टूरिज्म सर्किट — नेतरहाट, बेतला, केचकी से लेकर मंडल डैम तक — को एक नई पहचान देगा।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि टाइगर सफारी के निर्माण में सभी मानकों और पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। इस परियोजना से न केवल राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल झारखंड के पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण, दोनों क्षेत्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) परितोष उपाध्याय, पलामू टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एस.आर. नाटेश, उप निदेशक प्रजेश जेना, और कंसल्टेंट अशफाक अहमद सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।