संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट:
चाकुलिया: सोमवार को वट सावित्री पूजा के पावन अवसर पर चाकुलिया क्षेत्र की सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा की। इस दौरान महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
महिलाएं चाकुलिया के प्रसिद्ध नागाबाबा मंदिर परिसर में स्थित वट वृक्ष के नीचे एकत्र होकर मां सावित्री की पूजा में लीन रहीं। पूजन कार्य को स्थानीय पूजारी दिलीप पति ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया। महिलाओं ने पूजा थाली में पूजन सामग्री सजा कर विधिपूर्वक पूजा की।
व्रती महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए सूत लपेटा और प्रत्येक फेरे में अपने पति की दीर्घायु और उनके साथ जन्म-जन्मांतर तक साथ निभाने की कामना की। पूजा के बाद सभी ने वट वृक्ष के नीचे बैठकर सावित्री-सत्यवान की पावन कथा को सुना। अंत में महिलाओं ने अपने पतियों के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और पारंपरिक रीति-रिवाजों का अनुपालन करते हुए महिलाओं ने इस पर्व को पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया।