बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) : मौदा पंचायत अंतर्गत पानिजा तालाब में सोमवार को डूबे युवक गुरबा मुंडा (33 वर्ष) का शव मंगलवार सुबह तालाब से बरामद कर लिया गया। शव फूलने के बाद पानी की सतह पर दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों और प्रशासन की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम गुरबा मुंडा कुछ स्थानीय ग्रामीणों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद तालाब किनारे अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी कोशिश की, लेकिन वह पानी से बाहर नहीं निकल सका।
मंगलवार सुबह से ही तलाशी अभियान में ग्रामीणों और प्रशासन की टीम जुटी रही। शव दिखाई देने पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा और अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा की देखरेख में शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और 4 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। दुख की इस घड़ी में विधायक समीर महंती मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर संवेदना जताई, साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की। थाना प्रभारी द्वारा भी अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सहयोग राशि दी गई।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।