बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) :
रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया पंचायत अंतर्गत घाघरा गांव में वन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत बरण महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक समीर महंती शामिल होंगे। भूतिया पंचायत के मुखिया विधान चंद्र मंडी ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसमें लोगों को पेड़ों के महत्व, वनों की कटाई से होने वाले नुकसान और पर्यावरण संरक्षण के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भूतिया पंचायत भवन में वन विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन से संबंधित रूपरेखा तय की गई।
इस वन महोत्सव कार्यक्रम से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण का लाभ मिलेगा। ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।