गुड़ाबांधा
प्रखंड के बालूजुड़ी गांव में हाथी के हमले से हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। उप-मुखिया सपन पाल के भाई सरोज पाल की मौत परसों देर रात एक जंगली हाथी के हमले में हो गई। इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है।
कुणाल षाडंगी पहुँचे शोकाकुल परिवार के पास
घटना की जानकारी मिलने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी बुधवार को मृतक के परिजनों से मिलने बालूजुड़ी गांव पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा झामुमो परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।

मुआवजा और सहायता की पहल
मृतक परिवार को शीघ्र राहत दिलाने के लिए कुणाल षाडंगी ने मौके पर ही जिला वन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक घाटशिला, बैंक ऑफ इंडिया ज्वालकाटा शाखा प्रबंधक और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों से बात की। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि सरकारी एवं संस्थागत प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि और सहायता को तुरंत उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मृतक के परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद दी जाएगी ताकि उन्हें इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
गांव में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।