बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा में स्थानीय लोगों ने लीडिंग कंस्ट्रक्शन नामक ठेका कंपनी पर बारिश के दौरान सड़क निर्माण करने का आरोप लगाया है। यह निर्माण कार्य चौरंगी पाथरी मुख्य सड़क से महुलडांगरी तक लगभग 3 किलोमीटर में चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क का शिलान्यास 2024 में ऑनलाइन माध्यम से किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य पिछले महीने बारिश के मौसम में शुरू किया गया और अब ढलाई का काम जारी है।
सरकारी आदेशों और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की गाइडलाइन के अनुसार, बारिश के मौसम में बालू खनन और परिवहन पर रोक है। इसके बावजूद लीडिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी इस नियम का उल्लंघन कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के पास बालू का कोई वैध चालान या भंडारण अनुमति नहीं है, फिर भी उसने लगभग 5000 सीएफटी अवैध बालू स्टोर कर रखा है। इसके अलावा, यह बालू स्वर्णरेखा नदी के घाटों से ट्रैक्टर के जरिए तस्करी कर सड़क निर्माण में उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँच रहा है बल्कि सरकारी नियमों का भी उल्लंघन हो रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे प्रशासन की सख्तता और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।