बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मरीजों के परिजनों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में ठंडा पानी और सोलर जलमीनार की व्यवस्था तो है, लेकिन उस स्थान पर रात के समय रोशनी न होने के कारण लोग अंधेरे में पानी भरने को मजबूर हैं।
परिजनों का कहना है कि अंधेरे की वजह से पानी लेने जाते समय सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का डर बना रहता है। कई बार झाड़ियों से सांप निकलकर ड्रिंकिंग वाटर पॉइंट तक पहुंच जाते हैं, जिससे लोग और ज्यादा सहम जाते हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि अस्पताल परिसर में जगह-जगह हाई-मास्ट लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन पानी के इस जरूरी स्थान पर एक भी बल्ब या ट्यूबलाइट तक नहीं लगाई गई है। मरीजों के साथ आए लोगों का कहना है कि उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर रात में पानी भरने के लिए जाना पड़ता है।
लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि ठंडे पानी और सोलर जलमीनार वाले स्थान पर जल्द से जल्द रोशनी की व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित तरीके से पानी उपलब्ध हो सके और उन्हें सांप-बिच्छू के डर से निजात मिल सके।