चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत अंतर्गत राजबांध गांव में गुरुवार देर शाम ग्रामीणों ने गाय चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के बाघाकोंदर गांव निवासी राउत पाल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका साथी धनंजय महतो उर्फ गणेश महतो मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार लोधाशोली पंचायत के देवशोल गांव निवासी रामचंद्र मुर्मू ने अपनी गाय खेत में चरने के लिए छोड़ी थी। इसी दौरान राउत पाल और उसका साथी गाय को चुपके से लेकर राजबांध गांव पहुंचे और उसे वहां पूरण महतो के घर के बाहर बांध दिया। पूरण महतो ने जब गाय को देखा तो इसकी जानकारी ग्राम प्रधान लाखाई मुर्मू को दी। पूछताछ में पता चला कि गाय रामचंद्र मुर्मू की है।

शाम को जब दोनों युवक गाय को ले जाने लौटे, तभी ग्रामीण सतर्क हो गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान धनंजय महतो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि राउत पाल ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने आरोपी को रातभर गांव में ही रोके रखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
शुक्रवार सुबह थाना के एसआई कबिंद्र पोद्दार और ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गए। पूछताछ में राउत पाल ने बताया कि उसका साथी धनंजय महतो ने गाय चोरी करने पर उसे 5000 रुपये देने का लालच दिया था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी धनंजय महतो की तलाश जारी है।