जमशेदपुर, 23 सितंबर।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर शाम नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरररोल की ओर से मोटरसाइकिल पर ब्राउन शुगर की खेप लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला अजीत कजूर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने ग्राम भाटियाल के पास एनएच-49 स्थित वृंदावन होटल के समीप संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों को मौके पर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन खटुआ, राकेश कुमार षण्ड, राजा रजक और अंशु मिश्रा के रूप में हुई है। तलाशी में चंदन खटुआ के पास से 60 पुड़िया (5.20 ग्राम), राकेश कुमार षण्ड से 21 पुड़िया (1.91 ग्राम), राजा रजक से 12 पुड़िया (1.05 ग्राम) और अंशु मिश्रा से 13 पुड़िया (1.22 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और 1550 रुपये नकद भी जब्त किए। कुल 106 पुड़िया ब्राउन शुगर का वजन लगभग 9.380 ग्राम बताया गया है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 68/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।