Responsive Menu
Add more content here...

चांडिल: एनएच-33 स्थित टाटा हाईवे होटल में गोलीकांड, CCTV फुटेज की मांग को लेकर 10 युवकों ने मचाया उत्पात

Spread the love

चांडिल | संवाददाता

चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर स्थित टाटा हाईवे होटल में गुरुवार देर रात हड़कंप मच गया, जब करीब 10 युवकों के एक समूह ने होटल परिसर में घुसकर बवाल किया और फायरिंग कर दी। होटल के संचालक की सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई।

सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले इसी होटल में दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। उसी मामले को लेकर गुरुवार रात 10 युवक होटल पहुंचे और संचालक रंजीत कुमार से सीसीटीवी फुटेज की मांग करने लगे। रंजीत कुमार ने कानून का हवाला देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी निजी व्यक्ति को फुटेज उपलब्ध नहीं कराया जा सकता, और यदि शिकायत दर्ज होती है तो केवल पुलिस को ही फुटेज दिया जाएगा।

संचालक के इस जवाब पर युवक भड़क उठे और होटल में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने रंजीत कुमार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की भी कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख संचालक ने आत्मरक्षा में लोहे का रॉड उठाकर खुद को सुरक्षित करने की कोशिश की।

इसी बीच बाहर खड़े युवक लाठी-डंडे लेकर होटल की ओर दौड़े और अचानक एक युवक ने संचालक पर गोली चला दी। सौभाग्य से गोली उन्हें नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस इस मामले को गंभीर सुरक्षा चुनौती के रूप में देख रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।