बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर झरिया मोड़ के पास बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मारुति स्विफ्ट (WB51C7151) कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एक 14 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस टक्कर में पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित चक्रबाड़िया रोड निवासी चालक गणेश रॉय (50 वर्ष), जमशेदपुर कदमा के प्रथिक बिहार निवासी महिला कुसुमिता पटनायक (55 वर्ष) तथा उनकी बेटी मोनिका पटनायक (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एनएचएआई एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।