चाकुलिया, 17 अक्टूबर 2025 संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 स्थित नामोपाड़ा के ऊपर टोला में पिछले तीन महीनों से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां की जलमीनार लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसके कारण करीब 70 परिवारों, एक आंगनबाड़ी केंद्र और एक प्राथमिक विद्यालय को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-6 की सेविका मीरा दास ने बताया कि उनके केंद्र में 20 बच्चे नामांकित हैं, जिन्हें रोज़ाना अपने घर से पीने का पानी लाना पड़ता है। वहीं, दोपहर के भोजन की तैयारी के लिए सहायिका सारिका बेरा को लगभग 300 मीटर दूर अपने घर से पानी लाना पड़ता है।
इसी तरह नामोपाड़ा प्राथमिक विद्यालय के 52 बच्चे भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्कूल के शिक्षक बताते हैं कि बच्चों को पीने का पानी पास की निवासी गुलाबी बेरा के घर से लाना पड़ता है।
ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
टोले के 60 से अधिक परिवार न केवल पीने के लिए, बल्कि दैनिक कार्यों के लिए भी पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं। नहाने और कपड़े धोने के लिए लोगों को मजबूरन पास के तालाबों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक जलमीनार की मरम्मत नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि विभाग की इस लापरवाही के कारण बच्चों और महिलाओं को रोज़ाना मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं।