जमशेदपुर संवाददाता (सुमित झा) : सेंट्रल सिख नौजवान सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी कार्यालय में सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 5 नवंबर को गुरुनानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर निकलने वाले नगर कीर्तन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत सभा के महासचिव सुखवंत सिंह ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास से की। इसके बाद प्रधान अमरीक सिंह ने बताया कि हाल ही में संपन्न शहीदी यात्रा एवं पटना साहिब से आरंभ जागृति यात्रा में नौजवान सभा के सभी सदस्यों ने सराहनीय सेवा निभाई।
उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को नगरकीर्तन गुरुद्वारा साहिब सोनारी से आरंभ होगा और इसका समापन साकची गुरुद्वारा साहिब में किया जाएगा। नगरकीर्तन की सफलता हेतु विभिन्न यूनिटों को सेवा जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जो इस प्रकार हैं —
फ्रंट ट्रैफिक व्यवस्था: टीनप्लेट
रस्से की सेवा: आजाद बस्ती, जेमको
झंडे की सेवा: बारीडीह
स्कूली बच्चों से पालकी साहिब तक: सोनारी, बिरसानगर, मनीफिट, संतकुटिया, गौरीशंकर रोड
पालकी साहिब की सेवा: कीताडीह
स्त्री सत्संग सभा की ओर से सेवा: टुइलाडुंगरी, गोलपहाड़ी, बर्मामाइंस, मानगो, टेल्को, सारजमदा
नगरकीर्तन के अंत में सेवा: कदमा, होमपाइप, इंद्रानगर
नगरकीर्तन कंट्रोलर के रूप में सरदार अमरीक सिंह, त्रिलोचन सिंह, मनिंदर सिंह, गुरबचन सिंह, सतविंदर सिंह, सुखवंत सिंह और सिमरन भाटिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि तरकीब इंचार्ज हरविंदर सिंह, हरमीत सिंह और रंजीत सिंह होंगे।
प्रधान अमरीक सिंह ने सभी संगठनों, राजनीतिक दलों और समाजसेवियों से अपील की कि नगरकीर्तन के दौरान गुरु महाराज की तस्वीर वाले बैनर न लगाएं और आतिशबाजी से परहेज करें।
सभा के महासचिव रंजीत सिंह एवं सुखवंत सिंह ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि नगरकीर्तन मार्ग पर बायो टॉयलेट, सड़क किनारे की लाइटों की मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि इस विषय पर सभा के प्रतिनिधि जल्द ही जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों से मिलेंगे।
अंत में टुइलाडुंगरी नौजवान सभा के प्रधान रंजीत सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में मुख्य रूप से सरदार अमरीक सिंह, रंजीत सिंह, सुखवंत सिंह, सतविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, जुझार सिंह, सिमरन भाटिया, हरजीत सिंह, हर्ष सिंह, गुरबचन सिंह, मंजीत सिंह सहित सभी यूनिटों के प्रधान एवं सदस्य मौजूद रहे।