जमशेदपुर | संवाददाता
उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित सर्वोदय पथ निवासी कंचन देवी के साथ तीन कथित साधुओं ने ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि साधुओं ने पत्थर को सोना बनाने का ढोंग रचकर महिला से तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए।
खुद को सिद्ध पुरुष बताकर रचा चमत्कार का नाटक
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय तीन साधु कंचन देवी के घर पहुंचे और खुद को सिद्ध पुरुष बताते हुए चमत्कार दिखाने लगे। उन्होंने एक साधारण पत्थर दिखाकर दावा किया कि वह उसे सोने में बदल सकते हैं और इस प्रक्रिया में घर का सोना शुद्ध होकर कई गुना बढ़ जाएगा।
सोने के गहने लेकर साधु हुए फरार
साधुओं की बातों में आकर महिला ने घर में रखी सोने की चेन, जिउतिया समेत अन्य गहने उन्हें सौंप दिए। साधुओं ने गहनों को कपड़े की पोटली में बांधकर मंत्र पढ़े और महिला को कुछ देर तक पोटली न खोलने की हिदायत दी। इसके बाद तीनों साधु वहां से निकल गए।
पोटली खुलते ही उड़ा महिला के होश
साधुओं के जाने के बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें असली गहनों की जगह नकली वस्तुएं और पत्थर निकले। यह देखकर महिला के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। उस समय महिला घर में अकेली थी।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने पर महिला के पति चंदन कुमार घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी उलीडीह थाना को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के चमत्कार या झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।