Responsive Menu
Add more content here...

मॉर्निंग वॉक के दौरान जंगली हाथी का हमला, युवक की कुचलकर मौत

Spread the love

गुड़ाबांदा। संवाददाता (रोहन सिंह) :

भोर में हुआ दर्दनाक हादसा
मुसाबनी वन क्षेत्र के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित बालीजुड़ी पंचायत के माड़ोतोलिया गांव में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक मांडी के रूप में हुई है। घटना रविवार तड़के की बताई जा रही है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान किया हमला
जानकारी के अनुसार अभिषेक मांडी सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। हाथी ने युवक पर हमला करते हुए उसे खदेड़कर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और वन विभाग
घटना की सूचना मिलने पर विधायक समीर कुमार मोहंती, पंचायत के मुखिया कारिया हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि असित मिश्रा और झामुमो के पंचायत सचिव साकला हेंब्रम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं वनपाल सुनाराम सबर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

परिजनों को दी गई तत्काल सहायता राशि
वन विभाग की ओर से मृतक के पिता लाल मोहन मांडी को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि विधायक के हाथों प्रदान की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटनास्थल पर हाथी के पैरों के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि इससे पहले 19 फरवरी को भी बालीजुड़ी पंचायत के बेनागाड़िया गांव में जंगली हाथी के हमले से चंपा हेंब्रम नामक एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।