Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: हॉस्टल से भागे दो छात्र स्टेशन पर मिले, सजग नागरिकों की सूझबूझ से टली अनहोनी

Spread the love

शिक्षकों पर प्रताड़ना का आरोप, स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल

चाकुलिया पूर्वी सिंहभूम संवाददाता (रोहन सिंह):
नया बाजार स्थित आनंद मार्ग विद्यालय के छात्रावास से भागे दो नाबालिग छात्र सोमवार की सुबह चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर मिले। समय रहते झामुमो कार्यकर्ता कौशिक मोहंती और सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी सुनील महतो ने दोनों बच्चों को देखकर संदेह जताया और पूछताछ के बाद उन्हें सुरक्षित रोका। इनकी सजगता से एक संभावित हादसा टल गया।

तीन बजे चुपचाप हॉस्टल से निकले दोनों भाई:
छात्र संदीप महतो (कक्षा 7) और उसका छोटा भाई कुलदीप महतो (कक्षा 4), दोनों चांडिल के संपतडीह गांव के निवासी हैं। वे चाकुलिया के आनंद मार्ग विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे और छात्रावास में रह रहे थे। सोमवार की तड़के करीब 3 बजे दोनों अपना बैग लेकर चुपचाप हॉस्टल से निकल गए और चाकुलिया स्टेशन पहुंचकर चांडिल तक का ट्रेन टिकट भी ले लिया।

प्लेटफॉर्म पर बैठे मिले छात्र, टॉर्चर का लगाया आरोप:
सुबह करीब 4:20 बजे प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर बैठे दोनों छात्रों को मॉर्निंग वॉक कर रहे कौशिक मोहंती और सुनील महतो ने देखा। बातचीत में छात्रों ने बताया कि वे स्कूल के शिक्षकों द्वारा की जा रही प्रताड़ना से तंग आकर भागे हैं। दोनों बच्चे डरे और सहमे हुए थे, जिससे उनकी बातों की गंभीरता और भी स्पष्ट हो गई।

स्कूल के अन्य छात्र और शिक्षक पहुंचे स्टेशन:
इसी दौरान हॉस्टल के अन्य चार छात्र भी संदीप और कुलदीप को खोजते हुए स्टेशन पहुंचे और उन्होंने स्कूल प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी देर में प्रधानाध्यापक सुनील महतो स्टेशन पहुंचे। स्कूल के नाइट गार्ड से जब पूछताछ की गई तो उसने लापरवाही भरा जवाब देते हुए कहा, “मैं रात में सो रहा था, कब बच्चे भाग गए मुझे नहीं पता। मेरा काम सोना है।”

ग्रामीणों में नाराजगी, सुरक्षा इंतज़ामों पर उठे सवाल:
इस घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रताड़ना की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बच्चों की मन:स्थिति को देखते हुए लोगों ने विद्यालय में सुधारात्मक कदम उठाने की जरूरत जताई है।

फिलहाल सुरक्षित हैं छात्र, परिजनों को दी गई सूचना:
फिलहाल दोनों छात्र कौशिक मोहंती के संरक्षण में सुरक्षित हैं। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन के पहुंचने के बाद बच्चों को विधिवत सौंप दिया जाएगा।


मुख्य तथ्य:

हॉस्टल से सुबह 3 बजे भागे दो छात्र

स्टेशन पर बैठने के दौरान पकड़े गए

शिक्षकों पर टॉर्चर का आरोप

गार्ड की लापरवाही उजागर

स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग