सरायकेला खरसावां: सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कदमझोर गांव की एक नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आदिम जनजाति परिवार की दो बच्चियां सोमवार को अपने घर से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित चाकुलिया पीडीएस की दुकान से राशन लाने गई थीं।
घर लौटते समय, पास के गांव के ही दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और जबरन पास के जंगल में ले गए। युवकों ने एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसकी साथी किसी तरह वहां से भाग निकलने में सफल रही। घटना के बाद, पीड़िता बेहोश होकर जंगल में ही पड़ी रही।
भागने में सफल हुई बच्ची ने गांव वालों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत जंगल की ओर जाकर खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने पीड़िता को बेहोशी की हालत में जंगल से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही, चांडिल, कपाली और चौका थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक छानबीन की। पीड़िता को मेडिकल जांच और इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।