बहरागोड़ा/चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम:
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। विधायक समीर कुमार मोहंती के प्रयास और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अबुआ सरकार ने इस क्षेत्र को औद्योगिक मानचित्र पर प्रतिष्ठित करने की ऐतिहासिक दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं।
इस क्रम में, भारत की प्रतिष्ठित रेल कोच निर्माण कंपनी M/S वोल्टोस रेल प्राइवेट लिमिटेड, जो वंदे भारत ट्रेन के डिब्बे निर्माण में अग्रणी है, ने पूर्वी सिंहभूम जिला के चाकुलिया प्रखण्ड में अपनी निर्माण इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह ईस्ट जोन की पहली ऐसी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी जो भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी परियोजना वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच तैयार करेगी।
आज जमशेदपुर परिसदन में कंपनी के प्रतिनिधियो ने विधायक समीर मोहंती से भेंट कर इस प्रोजेक्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग ₹4000 करोड़ के निवेश से यह फैक्ट्री स्थापित की जाएगी, जो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 4000 लोगों को रोजगार प्रदान करेगी।
अब तक कंपनी ने लगभग 300 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर लिया है और अगले चरण में 400 एकड़ अतिरिक्त भूमि लेने की योजना है। इस प्रकार कुल 700 एकड़ क्षेत्रफल में यह अत्याधुनिक रेल कोच फैक्ट्री स्थापित होगी।
इस ऐतिहासिक परियोजना को मूर्त रूप देने हेतु झारखंड सरकार और कंपनी के बीच अगले माह एमओयू (MoU) साइन किया जाएगा। यह फैक्ट्री न सिर्फ बहरागोड़ा विधानसभा, बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिला के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक पहचान में क्रांतिकारी भूमिका निभाएगी।