बहरागोड़ा (संवाददाता एन. बेरा)।
बहरागोड़ा प्रखंड के गहलामुड़ा गांव स्थित बाला फॉर्म हाउस में शुक्रवार को भाजपा बड़शोल मंडल का कार्यकर्ता सम्मेलन जोरदार उत्साह के साथ आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर ने की।
मुख्य अतिथि और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने अपने संबोधन में राज्य की हेमन्त सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते छह वर्षों में बहरागोड़ा सहित पूरे राज्य का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। गरीब मरीजों के पास एम्बुलेंस की सुविधा तक नहीं है, जबकि मंत्री एयर एम्बुलेंस से दिल्ली इलाज कराने जाते हैं।
उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि माटिहाना स्थित ट्रॉमा सेंटर आज तक चालू नहीं हो सका। कई स्वास्थ्य केंद्र बने जरूर हैं लेकिन डॉक्टरों की कमी से ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
रोजगार के मुद्दे पर डॉ. गोस्वामी ने कहा, “छह साल में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में एक भी उद्योग स्थापित नहीं हुआ। बेरोजगारी के कारण यहां के युवा रोजगार की तलाश में दक्षिण भारत पलायन कर रहे हैं। हेमन्त सरकार पूरी तरह विफल है और अब जनता इसका जवाब देने को तैयार है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की विफलताओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएँ और संगठन को और मजबूत करें।
सम्मेलन को भाजपा नेता रंजीत बाला, बापटू साव, श्रीवत्स घोष, राखोहरी मुखी, मानिक दास, रामहरि कांड, यादव पात्र और रुपेश कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच काम करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री कमलकांत सिंह ने किया। इस दौरान पंचानन मुंडा, गौरीशंकर गंड, शिवशंकर माइति, असीम सेनापति, देबब्रत दे, तापस बारीक, रॉबिन नायक, उत्तम मुंडा, बबलू महाली, अर्णव भुई, राजीव भुई, शिबू सांतरा, गुरु प्रशाद गोराई, देव मण्डल, अमिताव महापात्र, राज महापात्र, जगन्नाथ पोलाई, पलटू बेरा, असीम आईच, अरुण साव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।