बहरागोड़ा। संवाददाता
जगन्नाथपुर में आयोजित हुई बैठक
बहरागोड़ा प्रखंड के जगन्नाथपुर स्थित नटराज गेस्ट हाउस में पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के बैनर तले प्रखंड के ग्राम प्रधानों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान शरत चन्द्र मंगल ने की। इस दौरान ग्राम सभा को सशक्त बनाने और संगठन को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सदस्यता नवीकरण और कमेटी समीक्षा पर निर्णय
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के सभी सदस्य 31 मार्च तक सदस्यता नवीकरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। साथ ही पंचायत स्तर पर गठित कमेटियों की समीक्षा बैठक भी इसी तिथि तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम प्रधानों को निभानी होगी सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संघ के जिला अध्यक्ष अरुण बारिक ने कहा कि ग्राम प्रधानों को अपने अधिकार और जिम्मेदारियों को समझते हुए ग्राम सभा को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
परंपरा और संस्कृति के संरक्षण पर जोर
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र की परंपराओं, रीति-रिवाजों, सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को संरक्षित रखें। विभिन्न जाति और समुदायों के बीच वर्षों से चली आ रही सामाजिक परंपराओं को बचाए रखना भी आवश्यक है।
पेसा कानून से मिले अधिकारों का करें उपयोग
चाकुलिया प्रखंड पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश्वर महतो ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर पर नियमित बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं की सूची तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को कई अधिकार मिले हैं, जिनका सही तरीके से उपयोग करना जरूरी है।
कई ग्राम प्रधान रहे उपस्थित
बैठक में ग्राम प्रधान सह कोषाध्यक्ष भवतारण बट्टवाल ने सभी सदस्यों से 31 मार्च तक सदस्यता नवीकरण पूरा करने की अपील की। इस अवसर पर तरुण प्रधान, देवाशीष कुईला, नीलकंठ नायेक, निमाई मुंडा, सपत गोराई, काली किंकर बट्टवाल, सुजीत भद्र, सुजीत पाल, शशांक राणा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।