बहरागोड़ा (संवाददाता – एन. बेरा)।
भारतीय जनता पार्टी बहरागोड़ा मंडल की ओर से शनिवार को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी एवं जिला अध्यक्ष चंडीचरण साव ने बहरागोड़ा के वीणापानी स्टेडियम परिसर में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे इस अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को अपनी मां की स्मृति में एक पेड़ लगाने का संदेश दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के दौरान वृक्षारोपण को जनभागीदारी अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
वृक्षारोपण के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. गोस्वामी ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और कारखानों के विषैले धुएं के कारण पर्यावरण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। जलवायु परिवर्तन से अब अति वृष्टि, अल्पवृष्टि और बादल फटने जैसी आपदाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि छायादार और फलदार वृक्ष न केवल वातावरण में नमी बनाए रखते हैं, बल्कि बारिश को आकर्षित करते हैं और स्वच्छ वायु भी प्रदान करते हैं।
डॉ. गोस्वामी ने कहा— “सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अनिवार्य है। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु दिलाने का संकल्प भी है।”
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर के नेतृत्व में अर्चना दास, अपूर्व दास, मिहिर दोलाई और अशोक कर ने भी वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में मिहिर बैठा, सूर्यकांत साव, प्रशांत नायक, समीर कबाट समेत अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।