चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) – देशभर में आज महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है, लेकिन चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में उनकी प्रतिमा पर उदासी छाई रही। नया बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास स्थापित भगत सिंह की प्रतिमा पर दिनभर कोई भी माला या पुष्प अर्पित नहीं किया गया।
देश के लिए 23 वर्ष की आयु में हंसते-हंसते फांसी का वरण करने वाले अमर शहीद की प्रतिमा पर यह उपेक्षा स्थानीय प्रशासन और समाज के रवैये पर सवाल खड़े करती है। आमतौर पर राष्ट्रीय पर्व और शहीदों की जयंती पर प्रतिमाओं को सजाया जाता है और जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। लेकिन इस बार चाकुलिया की प्रतिमा पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
स्थानीय नागरिकों और भगत सिंह के अनुयायियों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि – “जिस वीर सपूत ने देश की आज़ादी के लिए प्राण न्यौछावर किए, उनकी जयंती पर हम उन्हें श्रद्धा के दो फूल भी न अर्पित कर सके। यह हमारे राष्ट्र नायकों के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।”
ग्रामीणों ने प्रशासन और समाज से आग्रह किया कि भविष्य में इस तरह की उपेक्षा न हो और शहीदों की जयंती पर सामूहिक स्तर पर श्रद्धांजलि देकर नई पीढ़ी को प्रेरित किया जाए।