चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के जमुआ पंचायत के पिताजुड़ी मध्य विद्यालय के पीछे सोमवार की सुबह बकरी चरा रही नेबुरा बीवी नामक महिला को झाड़ियों में रोता हुआ नवजात शिशु मिला। नवजात शिशु को लेकर महिला अपने घर ले आई। इसके बाद श्यामसुंदरपुर थाना के थाना प्रभारी सुनील भोक्ता को सूचना दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी नेबुरा बीवी के घर पहुंचे और पुलिस के वाहन से नवजात शिशु को धालभूमगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डाक्टरों के अनुसार फिलहाल नवजात स्वस्थ है। आशंका है कि किसी बिन ब्याही मां ने लोक लज्जा से बचने के लिए अपने नवजात शिशु को झाड़ियां में फेंक दिया।

नेबुरा बीवी ने बताया कि वह सुबह मध्य विद्यालय के पीछे बकरी चरा रही थी। इसी दौरान महिला को झाड़ियों से शिशु के रोने की आवाज सुनायी दी।महिला ने झाड़ियों के पास जा कर देखा तब वहां उसे नवजात शिशु मिला। शिशु को अपने घर लाया और गर्म पानी से धोकर साफ किया। इस मसले पर थाना प्रभारी सुनील भोक्ता ने बताया कि फिलहाल शिशु स्वास्थ्य है। नवजात को झाड़ियों में छोड़ने वाली महिला की तलाश के लिए छानबीन की जारही है।