चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया थाना क्षेत्र के सरडीहा पंचायत अंतर्गत मोराबांधी गांव में रविवार को पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पुलिस टीम ने लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ और शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 15 लीटर तैयार अवैध शराब भी जब्त की है, जिसे थाना लाया गया है। पुलिस द्वारा जब्त सामग्री के संबंध में उत्पाद विभाग को सूचित कर दिया गया है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।”
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि ऐसे कार्यों की जानकारी तुरंत थाना को दें ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।