बहरागोड़ा। संवाददाता।
बहरागोड़ा प्रखंड के बहुलिया पंचायत अंतर्गत रागुनिया गांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में रविवार को विद्यालय परिवार ने अपने प्रथम छात्र स्वर्गीय सुभ्र कांति घोष की 26वीं जयंती श्रद्धा और सादगीपूर्ण माहौल में मनाई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने स्वर्गीय घोष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इस अवसर पर स्कूल के सचिव श्रीबत्स घोष ने बताया कि “सुभ्र कांति घोष इस विद्यालय के पहले छात्र थे और उन्होंने हमेशा अनुशासन व मेहनत का उदाहरण प्रस्तुत किया था।”
उन्होंने बताया कि लगभग पांच वर्ष पूर्व जमशेदपुर में अप्रेंटिस प्रशिक्षण के दौरान धालभूमगढ़ के समीप हुए सड़क हादसे में उनकी असमय मृत्यु हो गई थी।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, मेहनत और समर्पण को याद करते हुए सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।