चाकुलिया: क्षेत्र में मंगलवार को आए आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। जमुआ पंचायत के ग्राम हरिनिया अंतर्गत कुचाशोली टोला में तेज हवाओं के झोंकों के कारण मल्लिक मुर्मू की एस्बेस्टस की झोपड़ी पूरी तरह जमींदोज हो गई। इस हादसे में झोपड़ी के भीतर रखी एक स्कूटी, साइकिल और घर का अन्य कीमती सामान मलबे की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि इलाके के कई बड़े-बड़े पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। इसी दौरान एक पेड़ की भारी डाली गिरने से कुचाशोली टोला को बिजली आपूर्ति करने वाली 11000 वोल्ट की हाई-टेंशन तार टूटकर सीधे जमीन पर आ गिरी। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए इसकी सूचना बिजली विभाग के मिस्त्री और संबंधित अधिकारियों को दे दी है ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके और किसी भी तरह के खतरे को टाला जा सके।