Responsive Menu
Add more content here...

खांडामौदा पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में समर कैंप का आयोजन, बच्चों ने खेल-योग व कला गतिविधियों में लिया हिस्सा

Spread the love

बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के खांडामौदा स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को ग्रीष्मकालीन समर कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल पड़ीहरी ने किया। कैंप में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल, योग, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ रचनात्मक और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना है। “सीखें, खेलें और सृजन करें” थीम पर आधारित इस शिविर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

कैंप के दौरान बच्चों को योगाभ्यास, प्राणायाम और जुडो-कराटे का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो जैसे खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत पेंटिंग, संगीत, नृत्य, नाटक, क्राफ्ट एवं हस्तशिल्प निर्माण जैसी गतिविधियां कराई गईं। बच्चों को स्थानीय कला एवं संस्कृति से परिचित कराने के लिए मिट्टी के खिलौने बनाना और पारंपरिक कलाकृतियों की जानकारी भी दी गई।

समर कैंप में बच्चों के कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत डिजिटल साक्षरता, पहेलियां सुलझाने और रोल-प्ले जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया। साथ ही स्थानीय भाषा, संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष सत्र आयोजित किए गए।

इस अवसर पर शिक्षक मृणाल कांति घोष, उषा बाखला, शांति मुंडा, पूर्णेंदु हांसदा, सिदो हांसदा, विश्वरूप सिंह, देवाशीष गिरी, हरभूषण कामिला, प्रदीप घाटवारी, अरविंद उपाध्याय, सोमनाथ गांगुली, राधा वर्मा, उत्पल दास, असित मुर्मू, पारूल बारिक एवं भारती मुंडा सहित विद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।