चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित रंकिणी मंदिर के पास शनिवार देर शाम एक टाटा सूमो (संख्या JH05BL 4491) अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरी। वाहन जुगीतोपा पंचायत के खोड़ी पहाड़ी पर आयोजित पारंपरिक पहाड़ पूजा से घाटशिला लौट रहा था। हादसे में वाहन चालक राहुल भगत, निवासी घाटशिला, बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे की नाली में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन की गति अधिक होती या आसपास भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।