दिल्ली में ऐतिहासिक लाल किला के पास सोमवार शाम एक कार में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और सड़कों पर अफरातफरी मच गई। मौके पर फायर ब्रिगेड, दिल्ली पुलिस और एनएसजी की टीमें पहुंच चुकी हैं और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
धमाके के बाद सामने आई तस्वीरें और वीडियो देखकर यह सामान्य विस्फोट नहीं लग रहा, बल्कि किसी सुनियोजित हमले की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों और संभावित साजिश के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।