जमशेदपुर।
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शहर और आसपास के कई पूजा पंडालों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया है। पूजा के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और त्वरित कार्रवाई के लिए तीन बाइक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है, जिनकी निगरानी डीएसपी प्रोबेशनर्स करेंगे। इसके अलावा सभी थानों को अतिरिक्त बाइक तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पंडालों में सेवा देने वाले स्वयंसेवकों को अधिकृत पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए थानों को वालंटियर्स के साथ बैठक कर उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है।
महिला सुरक्षा के मद्देनज़र विशेष रूप से शक्ति कमांडो दस्तों की तैनाती की जाएगी, जो भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे। साथ ही, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी।
सभी महत्वपूर्ण रूट्स का निरीक्षण डीएसपी और थाना प्रभारी व्यक्तिगत रूप से करेंगे, ताकि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।