रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची स्थित मेडिका सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपलोकसभा अध्यक्ष कड़िया मुंडा से मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने मरांग बुरु से कड़िया मुंडा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद
87 वर्षीय कड़िया मुंडा की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें कुछ दिन पहले मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
पूरे राज्य से मिल रही शुभकामनाएं
कड़िया मुंडा झारखंड के सबसे वरिष्ठ और प्रतिष्ठित आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं। वे कई बार सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लोग चिंता जता रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।