रांची झारखंड: में चर्चित शराब घोटाले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रमुख ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कराया है। यह वारंट केस संख्या 9/2025 के तहत ACB की विशेष अदालत से हासिल किया गया है।
पूछताछ से बचते रहे विनय सिंह
विनय सिंह, जो नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के मालिक हैं, को एसीबी की ओर से कई बार नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह अब तक पूछताछ में शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति के चलते एसीबी ने कोर्ट में आवेदन देकर गैर-जमानती वारंट की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तारी की तैयारी, एसीबी सक्रिय
अब एसीबी की टीमें विनय सिंह की तलाश में जुट गई हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी विनय सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
पहले से गिरफ्तारी में कई बड़े नाम
इस केस में पहले ही आईएएस अधिकारी विनय चौबे, उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह सहित कुल 5 अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विनय चौबे पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का अलग मामला भी चल रहा है।
घोटाले की परतें खुलती जा रही हैं
एसीबी की लगातार कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि यह घोटाला सिर्फ विभागीय नहीं, बल्कि राज्य के उच्च पदस्थ अधिकारियों और व्यापारियों की मिलीभगत का परिणाम है। आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आने की संभावना है।