बहरागोड़ा (संवाददाता – एन. बेरा)।
मानुषमुड़िया सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। रविवार को महाषष्ठी के शुभ अवसर पर श्री श्री स्वामी निगमानंद आश्रम के महाराज देवेशानंद महाराज ने फीता काटकर पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए पंडाल खोल दिया गया।
करीब 5 लाख रुपये की लागत से तैयार यह अनोखा पंडाल “आदिम सभ्यता से आधुनिक सभ्यता” की थीम पर आधारित है। इसके माध्यम से मानव जीवन की यात्रा और जीवन-यापन की शैली को दर्शाया गया है। पंडाल निर्माण में प्लाईवुड, कांच, लकड़ी, बांस और कपड़े सहित विभिन्न सामग्री का उपयोग किया गया है। इस आकर्षक संरचना को पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के प्रदीप नामता उर्फ बिल्लू और उनकी टीम ने तैयार किया है।

धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
समिति अध्यक्ष चंडी चरण साधु ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
षष्ठी से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत होगी।
सप्तमी को देवनदी से कलश यात्रा निकाली जाएगी और शाम को स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही बंगाल से आए कलाकारों द्वारा बाउल संगीत और आर्केस्ट्रा का आयोजन होगा।
महाअष्टमी की रात डांस कार्यक्रम का आकर्षण रहेगा।
महानवमी के दिन दोपहर 2 बजे से महाप्रसाद वितरण होगा और शाम को बांग्ला यात्रा का मंचन किया जाएगा।
समिति की टीम जुटी तैयारियों में
पूजा समिति के अध्यक्ष चंडी चरण साधु के नेतृत्व में सचिव शशांक शेखर बारिक, सह-सचिव राजेश कुमार दत्त, उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद दास, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार घटवारी, पुजारी दीपक कुमार कर सहित अश्वनी कुमार साधु, कार्तिकेश्वर दे, कुबेर घटवारी, अशोक मंडल, कृष्ण मंडल, सती प्रसाद गिरि, उज्ज्वल दे, गंगाधर साधु और पार्थो सारथी पाल समेत अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।