रांची/नई दिल्ली | अपडेटेड: 2 अगस्त 2025
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत बेहद नाजुक बनी हुई है। शनिवार सुबह उन्हें गंभीर अवस्था में एयरलिफ्ट कर नई दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट सिस्टम) पर रखा गया है।
चिकित्सकों की निगरानी में गहन उपचार जारी
अपोलो अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मंत्री सोरेन की हालत गंभीर है और एक वरिष्ठ बहु-विषयक चिकित्सकीय टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है और उनकी सभी स्वास्थ्य मानकों की निगरानी की जा रही है।
अस्पताल ने कहा है कि “स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक चिकित्सीय उपाय किए जा रहे हैं। मंत्री की स्थिति स्थिर नहीं है और फिलहाल किसी प्रकार की प्रगति या सुधार की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती।”
राज्य की राजनीति में हलचल, शुभकामनाओं का सिलसिला जारी
मंत्री की बिगड़ती सेहत की खबर के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल देखी जा रही है। मुख्यमंत्री, कैबिनेट के अन्य मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता लगातार संपर्क में हैं और दिल्ली से अपडेट ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी आम जनता से लेकर राजनेताओं तक सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने की अपील: अफवाहों से बचें

अस्पताल प्रशासन ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक बुलेटिन पर ही भरोसा करें और किसी भी अनधिकृत या अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर न फैलाएं। मंत्री की सेहत से जुड़ी हर जानकारी समय-समय पर जारी की जाएगी।