रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया। बच्ची स्कूल जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार थी, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन उठा लिया। अपहरण के दौरान अपराधियों ने इलाके में तीन से चार राउंड फायरिंग भी की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही रांची पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। प्रशासन की सक्रियता और दबिश के कारण महज दो घंटे में बच्ची को रामगढ़ जिले के कुज्जू के पास सड़क किनारे छोड़कर अपराधी फरार हो गए।
पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है और अब पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।