चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत सोनाहातू पंचायत के आमाभुला गांव में आपसी विवाद के चलते तपन महतो(35) नामक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में तपन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। तपन महतो को बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल रेफर किया गया है।
यह घटना मंगलवार की सुबह तब हुई जब तपन महतो शौच के बाद गांव के पास स्थित तालाब में मुंह धो रहे थे। इसी दौरान गांव का ही मनिंद्र महतो(40) पीछे से आया और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में तपन को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तपन को तुरंत चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉ संपा मन्ना घोष ने तपन महतो प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया मोहन सोरेन और चाकुलिया थाना के एएसआई पीतांबर मंडल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इस मसले पर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि इस तरह की हिंसक घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।