आदित्यपुर।
मंगलवार सुबह आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित अंजनी प्लास्ट इंडस्ट्रीज में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह फैक्ट्री मुख्य रूप से प्लास्टिक ग्लास निर्माण का कार्य करती है।
सूत्रों के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास का इलाका धुएं से भर गया और स्थानीय लोग दहशत में बाहर निकल आए। दमकलकर्मियों के साथ-साथ आसपास के लोग भी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।
समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई थी। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।