ट्रांसफॉर्मर का तार जलने से ठप हुई बिजली आपूर्ति
बहरागोड़ा: प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक बाबा चित्रेश्वर शिव मंदिर परिसर में लगे 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर से जुड़ा तार जल जाने के कारण पिछले दो दिनों से इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित है। इस वजह से मंदिर परिसर समेत आसपास के करीब 60 घर अंधेरे में डूबे हुए हैं।
गर्मी और उमस से लोगों की बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों और दुकानों में लगे इनवर्टर की बैटरियां भी जवाब दे चुकी हैं, जिससे लोगों का दिन और रात दोनों मुश्किल हो गए हैं।
मोमबत्ती और छतों के सहारे कट रही रात
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से रात में मोमबत्ती की रोशनी में खाना बनाना पड़ रहा है। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए लोग देर रात तक छतों और खुले स्थानों में समय बिताने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
मंदिर में भी जल संकट गहराया
ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही पुराना ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। अब तार जल जाने से फिर से संकट खड़ा हो गया है। बिजली बाधित होने से चित्रेश्वर शिव मंदिर में पानी की मोटर भी बंद है, जिसके कारण श्रद्धालुओं और पुजारियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी बिजली विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दे दी गई है, लेकिन अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।