चाकुलिया। संवाददाता
चाकुलिया थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के जामबनी थाना क्षेत्र के चांदुआ गांव निवासी दो युवकों पर लगा है। घटना चाकुलिया के बड़ामारा पंचायत क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है।
युवती के बयान के आधार पर शनिवार को चाकुलिया थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से आगे की जांच के लिए उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, युवती 21 अगस्त को चाकुलिया बाजार आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात चांदुआ गांव निवासी छोटू मुर्मू उर्फ मंगल मुर्मू से हुई। युवती आरोपी को पहले से जानती थी। आरोप है कि छोटू उसे बाइक से चांदुआ जंगल की ओर ले गया। वहां उसने अपने परिचित कांग्रेस मुर्मू को बुलाया।
युवती ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि जंगल में दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह वहां से निकलकर युवती अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में घटना का समय 21 अगस्त की रात करीब 7:45 बजे से 22 अगस्त की मध्यरात्रि तक बताया गया है। मामले में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 70/351(2) के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।