चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में सरकारी जमीन पर मांस और मछली की दुकान लगाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रखंड कार्यालय और नगर पंचायत कार्यालय के समीप वाजपेयी नगर से सटी केंद्र सरकार की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
इस मुद्दे को लेकर शनिवार को पूर्व वार्ड पार्षद देवानंद सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नगर पंचायत के नगर प्रबंधक अनंत खलखो और प्रभात मिंज भी मौजूद रहे। साथ ही, ज्ञापन की एक प्रति नगर पंचायत कार्यालय में भी जमा कराई गई।
Read More : चाकुलिया में 26 चापाकल खराब, गहराया पेयजल संकट
ज्ञापन में बताया गया है कि जिस स्थान पर मांस और मछली की दुकानें खोली जा रही हैं, उसके नजदीक ही एक शिव मंदिर स्थित है। इसके अलावा यह मार्ग मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल और कोचिंग के लिए गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक रिहायशी इलाका है, जहां वाजपेयी नगर की महिलाएं और बच्चे शाम के समय टहलने और आवश्यक सामान लेने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में यहां मांस-मछली की दुकान खोलने से क्षेत्र का माहौल प्रभावित होगा और लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
निवासियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में बबलू जेना, सौरभ सोय, अनूप मिश्रा, शिव हांसदा, सुनील ठाकुर और विक्रम उपाध्याय समेत कई स्थानीय लोग शामिल थे।