चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में एफसीआई गोदाम के समीप स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क की सूरत अब बदली हुई नजर आएगी। नगर प्रशासक मोटाय बानरा के निर्देश पर शनिवार को पार्क परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया।बताया गया कि पिछले कुछ समय से पार्क में झाड़ियां उगने और गंदगी जमा होने को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर प्रशासक ने तत्काल सफाई कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।सफाई अभियान के दौरान पार्क के अंदर उगी लंबी घास और झाड़ियों की कटाई की गई, साथ ही जमा कचरे को हटाकर उसका उचित निस्तारण किया गया। स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी पार्क की नियमित देखरेख की जाएगी।