चाकुलिया, झारखंड संवाददाता (रोहन सिंह)– चाकुलिया के पश्चिमी रेलवे फाटक के समीप स्थित अंडर पास में जलजमाव की समस्या एक बार फिर सामने आई है। बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण अंडर पास में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है, जिससे स्थानीय राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही अंडर पास की दीवारों से झरने की तरह पानी गिरने लगता है, जिससे पूरा क्षेत्र एक तालाब का रूप ले लेता है। पानी का निकासी प्रबंध न होने के कारण बारिश के समय यह मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने लगाए निर्माण में अनियमितता के आरोप
ग्रामीणों ने अंडर पास के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण में लापरवाही बरती गई, जिससे दीवारों में सीलन और रिसाव की समस्या बनी हुई है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हर साल बारिश में यही स्थिति होती है। लगता है जैसे अंडर पास तालाब बन गया हो। इससे आवागमन ठप हो जाता है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ता है।”
प्रशासन से समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में भारी बारिश के दौरान यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है।