जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम):
शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के मौके पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों सहित कई वर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न मुद्दों पर नागरिकों ने अपनी बात रखी, जिनमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, नाला अवरोध, शिक्षा ऋण, थैलीसीमिया पीड़ित के लिए चिकित्सा सहायता, भूमि विवाद, नामांतरण, देशी शराब दुकान बंद कराने की मांग, सड़क निर्माण, मरम्मत, राशन कार्ड समस्या, सड़क दुर्घटना मुआवजा, आपदा राहत, वृद्धा पेंशन, मंइयां सम्मान योजना, दुकान आवंटन, कोर्ट केस, स्कूल फीस माफी, आवारा पशुओं की समस्या, पारिवारिक विवाद समाधान और बिल्डर के खिलाफ शिकायत जैसे मुद्दे शामिल रहे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त शिकायतों पर त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता को समझते हुए समन्वय के साथ तय समयसीमा में कार्रवाई होनी चाहिए।
यह जन शिकायत निवारण दिवस आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।