बहरागोड़ा | संवाददाता (एन बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के कुमारडूबी गांव में मां जगधात्री पूजा के अंतिम दिन शनिवार की रात प्रसिद्ध झुमुर कलाकार कुंदन कुमार और उनकी टीम ने अपने शानदार प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का आयोजन कुमारडूबी पूजा कमेटी द्वारा बड़े ही भव्य तरीके से किया गया था। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आए झुमुर कलाकार कुंदन कुमार को देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उमड़ पड़े। देर रात तक लोग उनके गीतों और नृत्य की थिरकन पर झूमते रहे।

मंच पर पूजा कमेटी की ओर से कुंदन कुमार को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कमेटी ने उत्कृष्ट व्यवस्था बनाए रखी। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, एएसआई सिकंदर यादव, कुलदीप ठाकुर और प्रधान सोरेन अपनी टीम के साथ मुस्तैदी से डटे रहे।
कार्यक्रम स्थल पर मेला का भी आयोजन किया गया था, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुमारडूबी में हर वर्ष मां जगधात्री पूजा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष कुंदन कुमार का कार्यक्रम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।
सुदूरवर्ती गांव कुमारडूबी में इस तरह के बड़े स्तर के सांस्कृतिक आयोजन को देखकर स्थानीय लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्यक्रम ने गांव की पहचान को नई ऊंचाई दी है।