बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मानुषमुड़िया लैंपस में 2022-23 की धान अधिप्राप्ति में हुई गड़बड़ी का खामियाजा आज तक किसान भुगत रहे हैं। लैंपस के ब्लैकलिस्ट में आ जाने से किसानों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिल पाया है, जिसके कारण वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
किसानों का कहना है कि लंबे समय से भुगतान अटका हुआ है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। खाद और बीज की आपूर्ति भी लैंपस से बंद हो गई है, जिसके चलते उन्हें ऊँची कीमत पर बाहर से खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रभावित किसानों में पुष्पांजलि राणा, बालिया किस्कू, अनिल कुमार मुर्मू, भुवनेश्वर जाना, तुषार कांति महतो, नेपाल चंद्र सिंह समेत कई किसानों की राशि अब तक अटकी हुई है।
किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि लैंपस की गड़बड़ी का बोझ उन पर न डाला जाए और उन्हें उनका हक दिलाया जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ तो उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और प्रखंड अधिकारियों से इस मामले को प्राथमिकता पर लेकर त्वरित समाधान की मांग की है।