बहरागोड़ा। संवाददाता (एन. बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के मुड़ादेवता मौजा स्थित शारदा प्रोजेक्ट के श्रमिकों का आंदोलन आखिरकार सफल रहा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी की पहल पर श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई बैठक में मजदूरी बढ़ाने पर सहमति बन गई।
बैठक में श्रमिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें विस्तार से रखीं। कंपनी के डायरेक्टर ने भी चर्चा में हिस्सा लिया और अंततः मजदूरी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब श्रमिकों को बढ़ी हुई दैनिक मजदूरी मिलेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।
कुणाल षड़ंगी ने इस समझौते को श्रमिकों के संघर्ष और कंपनी प्रबंधन की सकारात्मक सोच का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मांगें पूरी तरह जायज थीं और कंपनी का यह फैसला सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में सहायक होगा।
इस फैसले के बाद कामगारों ने जिला श्रम आयुक्त के नाम पूर्व में दिए गए आवेदन को आगे की प्रक्रिया के लिए पुनः प्रस्तुत किया है। समझौते की खबर मिलते ही श्रमिकों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कुणाल षड़ंगी और कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।