जमशेदपुर। संवाददाता
साकची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला संपर्क कार्यालय में शनिवार को पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यालय पहुंचने पर झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
उपचुनाव की तैयारी में जुटा झामुमो
आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झामुमो ने अपनी तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह में पूर्व सांसद सुमन महतो भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
सोमेश सोरेन का संकल्प
अभिनंदन स्वीकार करते हुए सोमेश सोरेन ने कहा, “मेरे पिता स्वर्गीय रामदास सोरेन का अधूरा सपना ही मेरी प्राथमिकता है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और मैं उनके विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा।”